ज्ञान विज्ञान समिति ने साईगलू स्कूल में नशे और स्वास्थ्य पर किया संवाद
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला साईगलू में नशा एवं स्वास्थ्य विषय पर मंगलवार को संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों, संतुलित आहार और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया।
समिति के जिला सचिव गजेंद्र शर्मा ने बच्चों को जिम्मेदार नागरिक बनने और नशीले पदार्थों व जंक फूड से दूर रहने का संदेश दिया। स्वास्थ्य विभाग से जुड़े नरेंद्र कौशल ने नशे के शारीरिक व मानसिक दुष्प्रभावों की वैज्ञानिक जानकारी दी। पुलिस थाना कोटली के सहायक उपनिरीक्षक बृजभूषण ने नशा तस्करी के कानूनी पहलुओं और इसे रोकने में युवाओं की भूमिका बताई।
समिति सदस्य दया राम चौहान ने चलचित्र के माध्यम से नशे के दुष्प्रभाव समझाए। जिला सहसचिव विनय कुमारी ने नशे के खिलाफ समाज, शिक्षण संस्थानों, अभिभावकों और प्रशासन के संयुक्त प्रयासों पर जोर दिया। स्कूल के प्रधानाचार्य सुरेंद्र कुमार ने कहा कि युवाओं को नशे से बचाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।