मंडी। जिला मंडी के पीएमश्री पाठशालाओं के करीब 500 विद्यार्थियों ने जिला स्तरीय बाल मेले में अपनी प्रतिभा की चमक बिखेरी। विभिन्न स्पर्धाओं में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले विजेता प्रतिभागियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया। ये प्रतिभागी अब राज्य स्तरीय बाल मेले में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
पीएमश्री पाठशालाओं के प्रतिभागियों के लिए कनैड में बाल मेले का आयोजन किया। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में उपनिदेशक गुणवत्ता नियंत्रक एवं जिला परियोजना अधिकारी मीना राठौर रहीं। उन्होंने कहा कि जब भी इस प्रकार की कोई भी प्रतियोगिता होती है तो सभी बच्चों को बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए। बाल मेले में जिला मंडी के 21 वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला और नौ प्राथमिक पाठशालाओं के प्रतिभागियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान पाने वाले विद्यार्थियों को सहभागिता प्रमाण पत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।
जिला समन्वयक धर्मवीर राणा ने बताया कि बाल मेले का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों की प्रतिभा को तराशना, आत्म-अभिव्यक्ति की क्षमता का निर्माण करना, रचनात्मकता तथा सांस्कृतिक मूल्यों को प्रोत्साहित करना है। बाल मेले में प्रथम स्थान हासिल करने वाले प्रतिभागी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे। बाल मेले में वाद-विवाद प्रतियोगिता, चित्रकला एवं पोस्टर निर्माण, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, विज्ञान एवं गणित गतिविधियां, लोकनृत्य, समूहगान, एकल गीत, कविता वाचन, कहानीवाचन, हस्तकला एवं मॉडल प्रदर्शनी तथा खेलकूद से संबंधित लघु गतिविधियां करवाई गईं। कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि ने प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान पाने वाले विद्यार्थियों को सहभागिता प्रमाण पत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।
.............