लडभड़ोल (मंडी)। पुलिस थाना जोगिंद्रनगर में एक 11वीं कक्षा की छात्रा के लापता होने का मामला सामने आया है। छात्रा परीक्षा देने के लिए स्कूल गई थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने अपहरण के संबंध प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार तहसील जोगिंद्रनगर के रहने वाले 45 वर्षीय व्यक्ति ने पुलिस थाने में दी अपनी लिखित शिकायत में बताया कि उनकी बेटी सरकारी स्कूल में 11वीं कक्षा में पढ़ती हैं। बताया कि 24 मार्च 2026 को सुबह करीब 10:30 बजे उनकी बेटी घर से स्कूल में परीक्षा देने के लिए निकली थी। छात्रा की परीक्षा दोपहर 3:00 बजे समाप्त हो गई थी, लेकिन उसके बाद वह घर नहीं लौटी। शाम तक जब बेटी घर नहीं आई, तो परिजनों ने अपने स्तर पर रिश्तेदारों और आस-पड़ोस में उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कहीं कोई सुराग नहीं मिल सका। छात्रा के पिता ने आशंका जताई है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर उसका अपहरण कर लिया है। उन्होंने पुलिस से गुहार लगाई है कि उनकी बेटी को जल्द से जल्द तलाश किया जाए। उधर, डीएसपी पधर लोकेंद्र नेगी ने बताया कि लापता छात्रा की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी और मामले की छानबीन की जारी है। संवाद