पेट दर्द और उल्टियां होने पर अस्पताल पहुंचाया, सरकाघाट से हमीरपुर किया था रेफर
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चलेगा मौत का कारण
संवाद न्यूज एजेंसी
सरकाघाट (मंडी)। उपमंडल की देव ब्राडता पंचायत में बुधवार को 17 वर्षीय छात्रा की अचानक तबीयत बिगड़ने से उसकी मौत हो गई। छात्रा सुबह स्कूल जा रही थी, तभी स्कूल से करीब 20 मीटर पहले उसके पेट में तेज दर्द हुआ और उल्टियां शुरू हो गईं। तबीयत बिगड़ने पर वह स्कूल जाने के बजाय घर लौट आईं। परिजन उसे नागरिक अस्पताल सरकाघाट ले गए, जहां से गंभीर हालत में हमीरपुर रेफर कर दिया गया। हालांकि चिकित्सकों के तमाम प्रयासों के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका।
जिया पुत्री पंकज कुमार निवासी देव ब्राडता डाकघर चौक बुधवार सुबह करीब नौ बजे स्कूल जा रही थी। इसी दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। ।
जिया वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला देव ब्राडता में 12वीं की छात्रा थी। वह तीन बहनों में सबसे छोटी थी और उसका एक भाई भी है। उसके पिता पंकज कुमार निजी ट्रक चालक हैं। जबकि माता गृहिणी हैं। छात्रा की अचानक मौत से परिवार सहित रिश्तेदारों, स्कूल स्टाफ और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। उधर, एसपी विनोद कुमार ने बताया कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।