दलित, पिछड़ा एवं अल्पसंख्यक वर्ग परिषद ने पुलिस अधीक्षक को सौंपा ज्ञापन
कहा : मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर शीघ्र करें करवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। पूर्व में देश की सबसे छोटी उम्र की युवा पंचायत प्रधान रही जबना चौहान की मां धर्मी देवी पर जानलेवा हमला करने वाले लोगों के खिलाफ पुलिस प्रशासन सख्त कार्रवाई करें। यह मांग दलित, पिछड़ा एवं अल्पसंख्यक वर्ग परिषद के प्रदेश महासचिव एवं प्रवक्ता चमन राही ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मंडी सागर चंद को एक ज्ञापन सौंपकर की। उन्होंने कहा कि यह कोई साधारण घटना नहीं है बल्कि जबना की मां को हमलावरों ने अपनी ओर से जान से मार कर ढांक से गिराकर तथ्यों को मिटाने का घिनौना अपराध किया है इसलिए पुलिस प्रशासन को इस घटना को गंभीरता से लेना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जबना की मां धर्मी देवी पिछले सात दिन से आईजीएमसी शिमला में जिंदगी और मौत से जूझ रही हैं और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि इन्हें इस स्थिति में पहुंचाने वाले लोग खुलेआम बाहर घूम रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे जब तक पूरी तरह से स्वस्थ नहीं होती हैं, पुलिस मेडिकल आधार पर एफआईआर में लगाई गई धाराओं में परिवर्तन कर इस मामले में सख्त कार्रवाई करे और दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार करे। चमन राही ने वीरवार को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को यह ज्ञापन सौंपा। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मंडी सागर चंद ने मामले की निष्पक्ष जांच करने व दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का भरोसा दिया है। इस अवसर पर कांग्रेस सेवादल के पूर्व प्रदेश सचिव यशवंत गुलेरिया और जिला कांग्रेस के वरिष्ठ महासचिव भागमल भरमौरिया भी मौजूद रहे।