मंडी। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने शिमला स्थित अपने आधिकारिक निवास में प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम को सुना। उन्होंने कहा कि मन की बात कार्यक्रम देश की प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने का सबसे बड़ा साधन है। त्योहारों के अवसर पर प्रधानमंत्री ने देशभर में स्वदेशी वस्तुओं की अभूतपूर्व खरीदारी के लिए सभी देशवासियों को बधाई दी।
इसे आत्मनिर्भर भारत अभियान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। साथ ही प्रधानमंत्री ने आगामी 31 अक्तूबर को लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाली रन फॉर यूनिटी में समाज के हर वर्ग से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने सभी प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि सब मिलकर प्रधानमंत्री के एक भारत, श्रेष्ठ भारत के संकल्प को और सशक्त बनाएंं।
जयराम ठाकुर ने रविवार को भाजपा युवा मोर्चा जिला मंडी की परिचय बैठक को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि युवा मोर्चा संगठन की सशक्त नींव है, पार्टी के प्रत्येक अभियान में युवाओं का जोश, ऊर्जा और समर्पण संगठन को नई दिशा प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि उन्हें पूर्ण विश्वास है कि युवा मोर्चा अपनी कर्मठता, अनुशासन और समर्पण से पार्टी के संगठनात्मक विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। संवाद