सरकाघाट (मंडी)। उपमंडल सरकाघाट की विभिन्न समस्याओं को लेकर ज्येष्ठ एवं वरिष्ठ नागरिक कल्याण परिषद सरकाघाट इकाई का प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता से मिला। परिषद अध्यक्ष प्रकाश चंद चौहान, अमृता सेवा समिति के सदस्य नेक राम शास्त्री, राम लाल शर्मा ने बताया कि सरकाघाट बस अड्डे के अंदर-बाहर जगह-जगह सड़क पर गड्ढों और गंदगी से यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। परिषद पदाधिकारियों ने बस अड्डे का जायजा लिया है और स्थानीय प्रशासन, नगर परिषद एवं संबंधित विभागों पर लापरवाही का आरोप लगाया।
उन्होंने बताया कि बस अड्डे के प्रवेश और निकासी द्वार पर बीच सड़क पर जगह जगह गड्ढे हैं। इससे जहां वाहन चालकों को वाहन गुजारने में परेशानी हो रही है, वहीं पैदल चलने वाले लोगों को भी चोटिल होने का अंदेशा बना रहता है। इन गड्ढों से वाहनों के कलपुर्जे भी क्षतिग्रस्त हो रहे हैं।
लोगों की शिकायतों के बावजूद संबंधित विभाग ने इन गड्ढों को ठीक नहीं किया है। फुटपाथों पर रेहड़ियां लगने से पैदल चलने वालों को सड़क पर चलना पड़ रहा है। दो साल पहले बनाई निकासी नालियाें पर अभी तक ढक्कन नहीं लगाए गए हैं। खुली नालियों से बदबू और गंदगी का आलम है। ज्येष्ठ एवं वरिष्ठ नागरिक सभा व अमृता सेवा समिति सदस्यों व पदाधिकारियों ने स्थानीय प्रशासन, लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को चेताया कि यदि शीघ्र ही स्थानीय समस्याओं का समाधान नहीं करवाया गया तो परिषद स्थानीय लोगों के साथ धरना-प्रदर्शन करने से गुरेज नहीं करेगी।
....
सरकाघाट की सड़कों को ठीक करने के लिए विभाग ने ठेकेदार को टेंडर जारी किया है। वीरवार से सड़क पर कार्य शुरू हो जाएगा।
-नीलम कुमार, कनिष्ठ अभियंता, लोक निर्माण विभाग सरकाघाट
0000