अटल आयुर्विज्ञान एवं अनुसंधान विश्वविद्यालय नेरचौक।
मंडी। अटल आयुर्विज्ञान एवं अनुसंधान विश्वविद्यालय (एएमआरयू), नेरचौक परिसर में बीएससी नर्सिंग, पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग और एमएससी नर्सिंग के लिए स्ट्रे वेकेंसी राउंड की काउंसलिंग 24 अक्तूबर को होगी। यह काउंसलिंग वॉक-इन आधार पर यानी भौतिक रूप से होगी। रिक्त पदों की सूची 23 अक्तूबर को जारी की जाएगी।
इस काउंसलिंग में भाग लेने के लिए उम्मीदवारों को कुछ शर्तें पूरी करनी होंगी, जैसे कि वे राज्य के किसी भी सरकारी या निजी बीएससी नर्सिंग संस्थान में भर्ती न हों और पात्रता मानदंडों को पूरा करते हों। इच्छुक उम्मीदवार अपने सभी मूल दस्तावेजों के साथ काउंसलिंग में भाग ले सकते हैं। निजी नर्सिंग संस्थानों में भर्ती उम्मीदवारों पर भी सरकारी नर्सिंग कॉलेजों की रिक्तियों के लिए विचार किया जाएगा।
उम्मीदवारों को 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे तक रिपोर्ट करना होगा, और उन्हें 7 जुलाई 2024 को आयोजित नर्सिंग प्रवेश परीक्षा 2024 की मेरिट के अनुसार सीटें आवंटित की जाएंगी। एएमआरयू के परीक्षा नियंत्रक डॉ. प्रवीण शर्मा ने बताया कि उम्मीदवारों को अपने आवेदन पत्र और सभी मूल दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे और उसी समय प्रवेश शुल्क का ऑनलाइन भुगतान करना होगा।