गोहर (मंडी)। चैलचौक क्षेत्र की नेहरा पंचायत के भदरौण गांव में मंगलवार को लावारिस कुत्तों ने हमला कर 3 माह की गाय की बछड़ी को मार दिया। लगातार बढ़ रही ऐसी घटनाओं से ग्रामीणों में भय और रोष का माहौल है। जानकारी के अनुसार बछड़ी को गोशाला के समीप बांधा गया था। इसी दौरान लावारिस कुत्तों के झुंड ने अचानक उस पर हमला कर दिया और उसे बुरी तरह नोच डाला, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों में धनदेव, चिंत राम, किशोरी लाल, अमर सिंह, ताजेश्वरी देवी व अन्य ने बताया कि लावारिस कुत्तों का आतंक इतना बढ़ गया है कि अब बच्चों को स्कूल भेजने में भी डर लगने लगा है।
ग्रामीणों ने बताया कि यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे करीब एक सप्ताह पहले चच्योट पंचायत के नाओग्रांव गांव में भी कुत्तों ने एक ग्रामीण की तीन माह की बछड़ी को अपना शिकार बना लिया था। पशुपालन विभाग के डॉ. नरेश ने बताया कि क्षेत्र में लावारिस कुत्तों की संख्या में काफी वृद्धि हुई है। संवाद