मंडी। सरदार पटेल विश्वविद्यालय (एसपीयू) के दिन बहुरते नजर नहीं आ रहे हैं। एसपीयू की वित्त कमेटी की बैठक में 99 प्रतिशत मुद्दों पर मुहर नहीं लग पाई है। इस कारण विश्वविद्यालय का सही ढंग से संचालन करना मुश्किल होता जा रहा है।
वित्त कमेटी की बैठक में 99 प्रतिशत एजेंडों को पूरी तरह से खारिज कर दिया है। इसमें मुख्य रूप से विवि में भर्ती का परिणाम घोषित करना, नई भर्ती करना, स्वयं वित्त पोषित कोर्स शुरू करना, खाली पदों पर दूसरे स्थान से आने वालों को अनुमति देना और भवन निर्माण के लिए चयनित की जा रही जमीन की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के लिए एजेंसी हायर करना जैसी अहम मुद्दे शामिल थे। एसपीयू प्रबंधन के पास अब इलेक्ट्रिशियन और प्लंबर तक नहीं रहे हैं। इनको हायर करने से भी वित्त कमेटी ने साफ मना कर दिया है।
प्रदेश सरकार ने एसपीयू का दायरा पहले ही घटा दिया है। मौजूदा समय में एसपीयू से संबद्ध केवल 46 कॉलेज ही हैं। मुख्य तौर पर मंडी, कुल्लू जिला ही एसपीयू के दायरे में है। वित्त कमेटी की बैठक में भी जरूरी स्वीकृतियां न मिलने से एसपीयू के संचालन पर सवाल उठना शुरू हो गया है।
.....
सरदार पटेल विवि के दायरे को कम करने का लगातार प्रयास किया जा रहा है। छोटी-छोटी जरूरतों को भी स्वीकृत नहीं किया जा रहा है। आए दिन बिजली पानी से जुड़ी समस्याएं उत्पन्न होती रहती हैं। इससे विवि में पढ़ने वाले बच्चों को अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है।
-प्रो. अनुपमा सिंह, प्रति कुलपति एसपीयू
000