मंडी। सरदार पटेल विश्वविद्यालय (एसपीयू) मंडी ने अपने अधीनस्थ कॉलेजों के विद्यार्थियों के हित में एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। विश्वविद्यालय ने जो विद्यार्थी विभिन्न कारणों से यूजी (अंडरग्रेजुएट) कक्षाओं में दाखिला नहीं ले पाए थे, उनके लिए दाखिलों की तिथि को बढ़ाकर 18 सितंबर कर दिया है।
पहले यह तिथि 31 अगस्त तक ही थी और विश्वविद्यालय प्रशासन ने उस समय स्पष्ट कर दिया था कि यह अंतिम तिथि होगी और इसके बाद किसी भी परिस्थिति में दाखिला तिथि नहीं बढ़ाई जाएगी। हालांकि, छात्रों और अभिभावकों के विशेष अनुरोध और परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए, विवि प्रशासन ने अपने निर्णय पर पुनर्विचार किया और दाखिला तिथि को फिर से आगे बढ़ा दिया है। इस निर्णय से उन विद्यार्थियों को बड़ी राहत मिली है जो अभी तक किसी कारणवश दाखिला नहीं ले पाए थे।
एसपीयू के परीक्षा नियंत्रक ई. सुनील वर्मा ने कहा कि विश्वविद्यालय ने छात्रों की समस्याओं को समझते हुए तिथि को बढ़ाने का निर्णय लिया है और यह सुनिश्चित किया है कि सभी इच्छुक छात्र-छात्राएं इस अवसर का पूरा लाभ उठा सकें। उन्होंने सभी छात्रों से अपील की है कि वे जल्द से जल्द इस अवधि के भीतर अपने दाखिले की प्रक्रिया पूरी करें, ताकि आगे किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।