लोगों को प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया
प्लास्टिक का उपयोग कम करने का लिया संकल्प
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मपुर (मंडी)। धर्मपुर को स्वच्छ, सुंदर और प्लास्टिक मुक्त बनाने के उद्देश्य से चलाए गए छह दिवसीय जागरूकता अभियान का समापन ढोल-नगाड़ों और नारों के साथ हुआ। साइन इटरनल फाउंडेशन के सौजन्य से आईटीआई और डॉ. विजय मेमोरियल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, धर्मपुर की ओर से आयोजित इस अभियान के दौरान विद्यार्थियों और शिक्षकों ने लोगों को प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया।
समापन अवसर पर प्रधानाचार्य ओमप्रकाश, डीपी विजय ठाकुर और समस्त स्टाफ के नेतृत्व में विद्यार्थियों ने पोस्टर मेकिंग तथा नारों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान लोगों से सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग कम करने, कचरा डस्टबिन में डालने और प्लास्टिक की थैलियों के बजाय कपड़े व जूट के थैलों का इस्तेमाल करने की अपील की गई।
आयोजकों ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने स्तर पर छोटे-छोटे प्रयास करे, तो धर्मपुर को स्वच्छ, सुंदर और प्रदूषण मुक्त बनाया जा सकता है। उन्होंने लोगों से पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने और स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।