पीडब्ल्यूडी बोला- आपत्तियां ही इतनी, सभी को दूर करने पर खर्च होंगे एक करोड़ रुपये
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। मंडी-रिवालसर सड़क के तहत रत्ती पुल जोल के पास प्रस्तावित स्टेडियम का डिजाइन तैयार करने के लिए खेल विभाग ने लोक निर्माण विभाग को चार लाख रुपये दिए थे, लेकिन उन्हें अभी तक इसका खाका नहीं मिला है। यहां स्टेडियम को लेकर 28 आपत्तियां लगी हैं। इस कारण खेल विभाग आगे की प्रकिया को पूरा नहीं करवा पा रहा है।
लोक निर्माण विभाग का कहना है कि खेल विभाग की ओर से दिए गए चार लाख रुपये खर्च हो गए हैं, जबकि पूरी आपत्तियों को हटाने के पर करीब एक करोड़ रुपये खर्च होगा। कई आपत्तियां हैं, जिनके लिए सर्वे भी करवाना पड़ेगा। ऐसे में अगर खेल विभाग पूरी राशि चुका देता है तो इस प्रकिया में जल्द उन्हें स्टेडियम के डिजायन का ढांचा तैयार करके दे दिया जाएगा। विभाग का मानना है कि यहां लगी आपत्तियों को हटना मुश्किल है।
खेल अधिकारी मंडी दीप्ति वैद्य का कहना है कि जोल में स्टेडियम का डिजाइन तैयार करने के लिए लोक निर्माण विभाग को चार लाख रुपये दिए थे, लेकिन अभी तक डिजाइन नहीं मिला है। 28 आपत्तियां आई हैं, जिन्हें दूर किया जा रहा है। उधर, लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता डीके वर्मा ने बताया कि सभी आपत्तियों को दूर कर डिजायन तैयार करने पर करीब एक करोड़ रुपये खर्च होगा। संबंधित विभाग जमा करवा देता है तो कार्य फिर से शुरू किया जाएगा।