मंडी-पठानकोट हाईवे पर मोहन घाटी के पास हुआ हादसा
हाईवे किनारे पार्सल लेने पहुंचा था मासूम
ग्रामीणों ने हाईवे पर स्पीड ब्रेकर न होने पर जताया रोष
डिजिटल पर न चलाएं....
संवाद न्यूज एजेंसी
जोगिंद्रनगर (मंडी)। मंडी-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित मोहन घाटी में शुक्रवार को हुए हृदयविदारक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। हाईवे किनारे पार्सल लेने पहुंचे 9 वर्षीय मासूम मुकुल को बैजनाथ की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बच्चा सड़क पर काफी दूर जा गिरा। स्थानीय लोगों ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे तुरंत नागरिक अस्पताल बैजनाथ पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार ने इस हादसे पर संवेदना व्यक्त करते हुए आश्वस्त किया है कि आरोपी चालक के खिलाफ कानून के तहत सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उधर, मोहन घाटी निवासी संजय और शिव कमल सहित अन्य ग्रामीणों ने प्रशासन के प्रति भारी रोष व्यक्त करते हुए कहा की मोहन घाटी हाईवे पर न तो कोई स्पीड ब्रेकर है और न ही गति सीमा को लेकर कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया है। तेज रफ्तार से गुजरने वाले वाहनों के कारण यहां आए दिन हादसे हो रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द यहां सुरक्षा के इंतजाम करने की मांग की है।
बाक्स
मातम में बदलीं त्योहार की खुशियां, दीयों की जगह बिखरा सन्नाटा
दिवाली का पावन त्योहार सिर पर था और मुकुल का घर रोशनी की तैयारियों में जुटा हुआ था। परिजनों को क्या मालूम था कि जिस घर में दीये जलने थे वहां अचानक मुकुल की मौत से अंधेरा छा जाएगा। 9 साल के मासूम का शव जैसे ही घर पहुंचा तो घर गांव में चीख-पुकार मच गई। मुकुल के पिता अमित कुमार, माता रंजीता कुमारी, दादी सकिंदरा देवी और 16 वर्षीय बड़े भाई दिव्यांशु के रो रो कर बुरे हाल हैं। जिस उम्र में मुकुल को त्योहार की मिठाइयों और पटाखों का इंतजार होना चाहिए था उसी उम्र में वह सड़क हादसे की भेंट चढ़ गया।