संवाद न्यूज एजेंसी
सुंदरनगर (मंडी)। सुंदरनगर के विशेष बच्चों के स्कूल साकार ने अपना 18वां वार्षिक समारोह धूमधाम से मनाया। कार्यक्रम की अध्यक्षता लेफ्टिनेंट कर्नल रूपेंद्र चंदेल ने की, जबकि विशेष अतिथि के रूप में रमेश सेन उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि ने कहा कि विशेष बच्चों के बीच आकर उन्हें आत्मिक सुख मिला, जो उनके जीवन का यादगार पल है।
लेफ्टिनेंट कर्नल रूपेंद्र चंदेल ने स्कूल को 21 हजार रुपये और रमेश सेन ने एक लाख रुपये का सहयोग दिया। बच्चों ने रंगारंग प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। प्रधानाचार्य पवना ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। अतिथियों ने साकार संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए बच्चों और स्टाफ को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
पैरा हॉकी खिलाड़ी ममता को दी शुभकामनाएं
कार्यक्रम में स्कूल की छात्रा ममता भी मौजूद रही, जो अगले महीने नीदरलैंड में होने वाले पैरा हॉकी वर्ल्ड कप में हिमाचल का प्रतिनिधित्व करेगी। मुख्य अतिथि ने उसे शुभकामनाएं दीं। नीदरलैंड जाने के लिए ममता को सुंदरनगर के खोसला परिवार ने सहयोग प्रदान किया।