थलौट में कार की नंबर प्लेट में की गई छेड़छाड़। स्त्रोत्- जागरूक पाठक
नगवाईं (मंडी)। सीसीटीवी कैमरों और पुलिस की नजरों से बचने के लिए एक कार चालक ने ऐसा जुगाड़ लगाया कि वाहन का नंबर ही गायब कर दिया। चालक ने कार के आगे और पीछे दोनों नंबर प्लेटों पर कालिख पोत दी ताकि रास्ते में कहीं भी वाहन की पहचान न हो सके। उसकी यह चालाकी ज्यादा देर नहीं चल पाई और थलौट के पास पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
मंगलवार को मनाली से चंडीगढ़ की ओर जा रही कार पर औट पुलिस की ट्रैफिक टीम की नजर पड़ी। वाहन की नंबर प्लेट साफ दिखाई नहीं देने पर टीम ने कार को जांच के लिए रोका। जांच में सामने आया कि दोनों नंबर प्लेटों पर जानबूझकर कालिख पोती गई थी, जिससे पंजीकरण नंबर पढ़ना लगभग असंभव हो गया था। ट्रैफिक इंचार्ज गुलजार खां के नेतृत्व में पुलिस ने चालक के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए 3000 रुपये का चालान किया। इसके बाद मौके पर ही नंबर प्लेटों को साफ करवाया गया और चालक को भविष्य में इस तरह की हरकत न करने की सख्त चेतावनी दी गई। पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार का कहना है कि नंबर प्लेट को छिपाना या उसके साथ छेड़छाड़ करना कानून का उल्लंघन है। ऐसे मामलों में कार्रवाई जारी रहेगी।