मंडी। नगर निगम मंडी के सन्यारढ़ और खलियार वार्ड में स्वच्छ शहर-समृद्ध शहर अभियान के तहत समाधान शिविर आयोजित किए गए। खलियार वार्ड में शिविर की अध्यक्षता पार्षद अलकनंदा हांडा ने की, जबकि सन्यारढ़ वार्ड में शिविर का नेतृत्व पार्षद वीरेंद्र आर्य ने किया। शिविरों में लोगों को सिटीजन सेवा पोर्टल के उपयोग और इसकी सुविधाओं के बारे में जागरूक किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि पोर्टल पर व्यापार लाइसेंस, संपत्ति कर भुगतान और पंजीकरण, अनुमतियां, होर्डिंग, कैनोपी और विज्ञापन संबंधी आवेदन, पालतू कुत्ता पंजीकरण, कचरा संग्रहण सेवाएं, सामुदायिक हाल व मैदान की बुकिंग, नगर निगम शिकायतें, संपत्ति प्रबंधन और आरडीएफ मॉनिटरिंग सुविधा सहित अन्य सेवाएं उपलब्ध हैं।
नागरिक अपनी समस्याओं व शिकायतों को पोर्टल के माध्यम से दर्ज करवाएं, ताकि उन्हें बार-बार कार्यालय के चक्कर न काटने पड़े और उनकी समस्याओं का समाधान घर बैठे हो सके। मौके पर ही कुछ शिकायतों और समस्याओं का निपटारा भी किया गया। संवाद