सराज घाटी के सक्रैणधार गांव में ताजा हिमपात का नजारा।
- फोटो : अमर उजाला
थुनाग/बालीचौकी/ मंडी। जिला के ऊपरी क्षेत्रों में शनिवार देर रात सीजन की पहली बर्फबारी से जिले में शीत लहर चल पड़ी है। रविवार को जिलाभर में बादल छाए रहे। जिससे ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। जिले के ऊपरी दुर्गम क्षेत्रों में हुई सीजन की पहली बर्फबारी से कड़ाके की ठंड से ठिठुरन बढ़ गई है। जिला के मैदानी क्षेत्रों में रविवार को हल्की बूंदाबांदी भी हुई है। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में साढ़े तीन से और पांच सेंटीमीटर तक बर्फबारी हुई है।
जिला के सराज क्षेत्र में शिकारी देवी, चुंजबाला, शैटाधार, स्फैहणी धार, स्क्ररैणी धार, देव कांढा में बर्फबारी हुई है। सराज क्षेत्र में शिकारी देवी मंदिर के इर्द गिर्द पांच सेंटीमीटर तक बर्फबारी हुई है। ऊपरी क्षेत्रों में पारा शून्य डिग्री तक पहुंच गया है। दिनभर सूरज की आंख मिचौनी से ठंड से लोग ठिठुरते नजर आए। सराज में अधिकतर क्षेत्रों में लोगों ने ठंड से बचने के अलाव का सहारा लिया। इसके अलावा जिले में सुंदरनगर, नेरचौक, सरकाघाट, धर्मपुर, पधर, जोगिंद्रनगर सहित अन्य क्षेत्रों में पारा लुढ़क गया है। जिला के कुछेक जगहों पर हल्की बूंदाबांदी भी हुई है।