करसोग (मंडी)। खाद्य एवं सुरक्षा विभाग मंडी के दल ने रविवार को करसोग और सराज के बगस्याड़ स्थित कटिंडी में मिठाई की दुकानों का निरीक्षण कर छह सैंपल भरे हैं। निरीक्षण के दौरान करसोग में बर्फी व रसगुल्ला और कटिंडी बगस्याड़ में रसगुल्ला, गुलाब जामुन, पेठा, सोन पापड़ी के सैंपल लिए हैं। इन्हें जांच के लिए लैब में भेजा जाएगा, मानकों पर खरा नहीं उतरने पर दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
त्योहारी सीजन के चलते लोगों की सेहत को ध्यान में रखते हुए खाद्य एवं सुरक्षा विभाग मंडी की ओर से जिलेभर में खाद्य व पेय पदार्थों का निरीक्षण किया जा रहा है। खाद्य सुरक्षा विभाग मंडी के सहायक आयुक्त एलडी ठाकुर ने बताया कि त्योहारी सीजन को देखते हुए विभागीय दल जिलेभर की दुकानों का निरीक्षण करने में जुटा है। रविवार को करसोग व बगस्याड़ के कटिंडी में सैंपल भरे हैं। उन्होंने लोगों का आह्वान किया कि यदि कहीं पर खराब व पुरानी खाद्य सामग्री बेची जा रही हो तो इस बारे जागरूक होकर विभाग से शिकायत करें। संवाद