पधर (मंडी)। चैहारघाटी के चेलंग गांव में पहाड़ी दरकने के कारण खतरे की जद में आए छह परिवार प्रशासन के निर्देश पर सुरक्षित स्थानों की ओर पलायन कर चुके हैं। प्रभावित परिवारों ने सरकार और जिला प्रशासन से हरसंभव सहायता की मांग की है।
प्रभावितों राम सिंह, पुष्पा देवी, मंगल सिंह और श्यामलाल सहित अन्य परिवारों ने बताया कि गांव के पीछे पहाड़ी लगातार दरक रही है, जिससे उनके रिहायशी मकानों को खतरा पैदा हो गया है। प्रशासन ने मौके का दौरा करने के बाद सभी परिवारों को रात के समय घरों में न रहने और सुरक्षित स्थानों पर जाने की हिदायत दी थी। इसके बाद सभी छह परिवार अपने पुश्तैनी घर छोड़कर चले गए।
प्रभावित पुष्पा देवी ने बताया कि परिवार के बेहतर भविष्य के लिए उन्होंने नया मकान बनाया था लेकिन अब उसे छोड़कर किराये के मकान में रहना पड़ रहा है। वहीं, मंगल सिंह का परिवार गोशाला में रहने को मजबूर है। उन्होंने बताया कि एक रात पड़ोस में गुजारने के बाद पशुशाला की सफाई कर वहीं रहने की व्यवस्था की है। श्याम लाल का टांडा मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है और उनका परिवार भी मकान छोड़कर सुरक्षित स्थान पर चला गया है। रविवार दोपहर और रात को हुई बारिश से प्रभावित परिवारों की चिंता और बढ़ गई है। परिवार अपने घरों में छोड़े गए सामान को लेकर भी परेशान हैं और प्रशासन से जल्द राहत एवं उचित व्यवस्था की मांग कर रहे हैं। एसडीएम पधर सुरजीत सिंह ने कहा कि कुछ परिवारों को सतर्क रहने को कहा गया है। मौके की स्थिति को जांचने के लिए नायब तहसीलदार को कहा गया है।