रिवालसर (मंडी)। जिला मंडी में एक धार्मिक कार्यक्रम के दौरान नेताओं ने पैरों में जूते पहनकर सिर पर पूजित कलश धारण करने की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद घमासान मच गया है। इस घटना पर कड़ी आपत्ति जताते हुए एपीएमसी चेयरमैन संजीव गुलेरिया ने इसे नेताओं की नौटंकी और कैमरे के प्रति शौक करार देते हुए कहा कि सनातन धर्म की परंपराओं के साथ ऐसा मजाक बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं, हिमाचल प्रदेश सरकार के ब्राह्मण कल्याण बोर्ड के सदस्य चमन लाल शर्मा ने इस मामले में पुलिस को शिकायत पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति में कलश को केवल मिट्टी या धातु का पात्र नहीं, बल्कि भगवान विष्णु और समस्त तीर्थों का वास माना जाता है। इसे नंगे पांव और पूर्ण श्रद्धा के साथ सिर पर धारण करने की परंपरा है। जूते पहनकर कलश उठाना सनातन धर्म, देवी-देवताओं और श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं का सीधा अपमान है। संवाद