नगर परिषद नेरचौक में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चयन होने के बाद खुशी जताते भाजपा समर्थित पार्षद।
- फोटो : Mandi
नेरचौक (मंडी)। नेरचौक में लक्की ड्रॉ से भाजपा को नगर परिषद अध्यक्ष की कुर्सी मिली है। यहां शालिनी राणा की अध्यक्ष पद पर ताजपोशी हुई है। उपाध्यक्ष पद पर परम देव उर्फ बंटी काबिज हुए हैं। नगर परिषद नेरचौक में सुबह से ही गहमागहमी का माहौल बना रहा।
दोनों चुनाव पर्ची के आधार पर निकाले गए क्योंकि अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद के लिए दोनों जगह वोटों का टाई हुआ। अध्यक्ष पद के लिए जहां शालिनी राणा को 4 वोट पड़े तो वही नर्मदा अभिलाषी को भी 4 वोट मिले। फिर पर्ची से ड्रॉ निकाला गया, जिसमें शालिनी राणा को अध्यक्ष पद की कुर्सी मिली। उपाध्यक्ष पद का चुनाव भी पर्ची के ड्रॉ से ही निकाला गया।
परम देव उर्फ बंटी और अभिषेक दोनों को चार-चार मत पड़े। पर्ची के ड्रॉ में परम देव जीते। इस मौके पर बल्ह के विधायक इंद्र सिंह गांधी, बल्ह भाजपा के अध्यक्ष हेम पाल राणा, मिल्कफेड के चेयरमैन निहाल चंद शर्मा, गुरुदेव शर्मा, सागर कौंडल और अन्य गण्यमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। नगर परिषद नेरचौक से लेकर भंगरोटू पुल तक एक भव्य रैली का आयोजन किया गया। इसमें ढोल नगाड़ों और डीजे की धुनों पर सड़कों पर लोग जमकर नाचे।