मंडी पड्डल मैदान में आयोजित अंतरर्राष्ट्रीय क्रिकेट प्रतियोगिता में शॉट खेलता बल्लेबाज। संवाद
मंडी। पड्डल मैदान में खेले जा रहे अंतरराष्ट्रीय महाशिवरात्रि महोत्सव क्रिकेट प्रतियोगिता में रविवार को पहला मैच एसडीआरएफ और आईआईटी मंडी के बीच खेला गया।
आईआईटी मंडी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। एसडीआरएफ की टीम 18.4 ओवरों में 126 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। इसमें अंकु ने 32 गेंदों में तीन चौके और एक छक्के की मदद से 45 और बलविंदर ने 25 रन बनाए। आईआईटी मंडी की ओर से गेंदबाजी करते हुए देशु ने चार ओवरों में तीन और प्रभाकर ने चार ओवरों में तीन विकेट लिए। बल्लेबाजी करने उतरी आईआईटी मंडी की टीम निर्धारित 20 ओवरों में नौ विकेट खोकर 114 रन ही बना सकी। इसमें आदित्य ने 18, अर्जुन ने 14 और प्रभाकर ने 24 रन बनाए। एसडीआरएफ की ओर से अनुज ने तीन विकेट लिए। यह मैच एसडीआरएफ ने 12 रन से जीत लिया।
दूसरा मैच एसपी मंडी और एचआरटीसी इलेवन के बीच खेला गया। एसपी मंडी की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। टीम ने बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में पांच विकेट के नुकसान पर 151 रन बनाए। इसमें मनीष ने 50 गेंदों में आठ चौके लगाकर 64 और राजीव ने 32 रन बनाए। एचआरटीसी की ओर से राकेश ने चार ओवरों में चार विकेट लिए। बल्लेबाजी करने उतरी एचआरटीसी की टीम निर्धारित 20 ओवरों में नौ विकेट खोकर 108 रन ही बना सकी। इसमें राकेश ने 31 रन बनाए। एसपी मंडी के सचिन ने चार ओवरों में तीन विकेट लिए। एसपी मंडी की टीम ने 43 रन से मैच जीता। संवाद