करसोग (मंडी)। उपमंडल करसोग में स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एसडीएम करसोग गौरव महाजन ने वीरवार को विभिन्न निजी स्कूलों की बसों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्कूल बसों में उपलब्ध सुरक्षा व्यवस्थाओं की गहनता से जांच की। सुरक्षा के लिहाज से आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
उन्होंने बसों में अनिवार्य रूप से लगाए गए अग्निशमन उपकरण, आपातकालीन द्वार, फर्स्ट एड बॉक्स, स्पीड गवर्नर, सीसीटीवी कैमरे, बस की फिटनेस तथा चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस एवं अन्य दस्तावेजों की जांच की। एसडीएम ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी स्कूल प्रबंधन सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करें।
निरीक्षण के उपरांत एसडीएम ने निजी स्कूल प्रिंसिपलों के साथ बैठक की। इसमें स्कूल बसों के संचालन, समयबद्ध रखरखाव, चालकों और परिचालकों के आचरण, बच्चों के सुरक्षित चढ़ने-उतरने की व्यवस्था तथा अभिभावकों के साथ समन्वय जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। बताया कि स्कूल बस चालकों को सुरक्षा के प्रति और अधिक जागरूक करने के उद्देश्य से 24 जनवरी को एक विशेष जागरूकता कार्यशाला का आयोजन भी किया जाएगा। संवाद