15 अप्रैल को रिकांगपिओ में मुख्यमंत्री करेंगे सिविल सर्विस अवार्ड से सम्मानित
संवाद न्यूज एजेंसी
नेरचौक (मंडी)। हिमाचल प्रदेश में पिछले वर्ष आई भीषण आपदा के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने के लिए एसडीएम बल्ह स्मृतिका नेगी और मंडी जिला प्रशासन को सिविल सर्विस अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान 15 अप्रैल को जिला किन्नौर के रिकांगपिओ में होने वाले राज्य स्तरीय हिमाचल दिवस समारोह में मुख्यमंत्री द्वारा प्रदान किया जाएगा।
आपदा के समय एसडीएम स्मृतिका नेगी ने एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस और अन्य एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर राहत और बचाव कार्यों का नेतृत्व किया। उन्होंने दुर्गम क्षेत्रों में स्वयं जाकर स्थिति का जायजा लिया और प्रभावित लोगों तक राहत पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। विशेष रूप से उन्होंने एक 11 माह की अनाथ बच्ची नीकिता को संभालकर संवेदनशीलता का परिचय दिया, जिससे उनकी मानवीय छवि सामने आई।
वहीं, उपायुक्त अपूर्व देवगन के नेतृत्व में मंडी जिला प्रशासन ने भी आपदा प्रबंधन में प्रभावी कार्य किया। प्रशासन ने लगातार फील्ड में रहकर राहत, बचाव और पुनर्वास कार्यों को गति दी और सैकड़ों प्रभावित परिवारों तक समय पर सहायता पहुंचाई। बेहतर समन्वय और तत्परता के कारण आपदा प्रबंधन सफल रहा।