थाची (मंडी)। एसडीएम बालीचौकी विचित्र सिंह ने उपतहसील थाची क्षेत्र के विभिन्न सरकारी शिक्षण संस्थानों, आंगनबाड़ी केंद्रों और उचित मूल्य की दुकानों (राशन डिपुओं) का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बागी भनवास सहित सोमनाचनी, प्लाहीधार, धनौट और डमहड़ के स्कूलों का दौरा किया और विद्यार्थियों की पढ़ाई व उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने बच्चों के लिए बने मिड-डे मील को खुद खाकर उसकी गुणवत्ता और स्वच्छता को परखा। इसके साथ ही उन्होंने कक्षाओं में जाकर बच्चों के शैक्षणिक स्तर और पठन-पाठन की व्यवस्था की भी गहनता से जांच की।
स्कूलों के अलावा एसडीएम ने क्षेत्र के आंगनबाड़ी केंद्रों की गतिविधियों और राशन डिपुओं के माध्यम से मिलने वाले खाद्यान्न वितरण का निरीक्षण कर पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान उनके साथ नायब तहसीलदार हरी सिंह, पटवारी विनोद कुमार, डीलिंग असिस्टेंट जीवानंद, ग्राम पंचायत भनवास उपप्रधाान पेश राज मौजूद रहे। संवाद