मंडी बाल स्कूल में आयोजित अंडर 14 लड़कों की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के शुभारंभ पर मुख्य अतिथि
मंडी। धर्मपुर के विधायक चंद्रशेखर ठाकुर ने शिक्षकों से प्रार्थना सभा के दौरान बच्चों को जलवायु परिवर्तन के बारे में अहम जानकारियां और ज्ञान देने का आह्वान किया। प्रदेश ने अभी हाल ही में आपदा का बहुत बड़ा दंश झेला है। यह आपदा जलवायु परिवर्तन के कारण ही आ रही है और इस बारे में अब बच्चों को शिक्षित करना जरूरी हो गया है। यदि बच्चों को इसकी जानकारी और ज्ञान रहेगा तो भविष्य में वे इससे निपटने के लिए पहले से तैयार रहेंगे। इसलिए स्कूलों में वैज्ञानिक अनुभव रखने वालों के माध्यम से इस तरह की जानकारियां और ज्ञान देना जरूरी हो गया है।
रविवार को मंडी में स्कूली बच्चों की राज्य स्तरीय अंडर-14 खेलों के शुभारंभ अवसर पर विधायक चंद्रशेखर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में अब सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त खेलों की संख्या 43 से बढ़कर 62 कर दी गई है। प्रदेश सरकार ने पिछले दिनों ही 19 नए खेलों को मान्यता प्रदान की है।
उन्होंने बताया कि अब खिलाड़ियों को अपने खेलों से संबंधित मान्यताओं के लिए किसी अधिकारी या नेता के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। खिलाड़ियों की डाइट मनी में ऐतिहासिक बढ़ोतरी के साथ ही अब उन्हें आवागमन में हवाई जहाज तक की सुविधा प्रदान की जा रही है। इस मौके पर उन्होंने बाल स्कूल मंडी में बास्केटबाल कोर्ट के निर्माण के लिए दस लाख रुपये देने की घोषणा भी की। संवाद
000