गोपालपुर में अंडर-14 खेलों के समापन पर विजेता टीम मुख्यातिथि के साथ। -संवाद
सरकाघाट (मंडी)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जमणी में गोपालपुर खंड की अंडर-14 खेल प्रतियोगिताओं का समापन कांग्रेस नेता पवन ठाकुर द्वारा किया गया। इस प्रतियोगिता में 22 टीमों के लगभग 390 खिलाड़ियों ने भाग लिया।
कबड्डी में सरकारी स्कूल सरकाघाट की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि बैडमिंटन में एसपीएस स्कूल की टीम विजेता रही। वॉलीबॉल और खो-खो में आरकेआई स्कूल के खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की।
वहीं, गोपालपुर खंड दो की खेल प्रतियोगिताओं का समापन राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला टिक्करी सध्वाणी में हुआ। यहां भी कांग्रेस नेता पवन ठाकुर ने विजेताओं को सम्मानित किया। इस प्रतियोगिता में 17 टीमों के लगभग 190 खिलाड़ियों ने भाग लिया। कबड्डी में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पौंटा की टीम विजेता रही।
बैडमिंटन और वॉलीबाल में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोट हटली की छात्राओं ने जीत हासिल की, जबकि खो-खो में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चौक के छात्रों ने बाजी मारी। योग में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला समैला ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। समापन समारोह में विभिन्न स्कूलों के प्रधानाचार्य, शारीरिक शिक्षक, स्टाफ, स्थानीय नागरिक और कांग्रेस के पदाधिकारी उपस्थित थे।