सरकाघाट (मंडी)। तेज बारिश होने से सोमवार को सरकाघाट बाजार खड्ड में बदल गया। इस दौरान हर तरफ बाजार में पानी ही पानी हो गया और कीचड़ भी साथ में बहने लगा। कुछ देर तक को ऐसा लग रहा था कि यह बाजार नहीं बल्कि खड्ड ही है। इस दौरान पुराने बस स्टैंड से लेकर नए बस स्टैंड तक पूरी सड़क पानी से लबालब हो गई। आसपास की दुकानों में भी पानी घुस गया और दुकानदारों को बहुत अधिक परेशानी झेलनी पड़ी। वहीं, बहुत अधिक पानी के चलते इस सड़क पर वाहनों और लोगाें का चलना भी कठिन हो गया। सबसे अधिक परेशानी स्कूलों और कॉलेजों के विद्यार्थियों को उठानी पड़ी। कीचड़ युक्त पानी बच्चों के जूतों में घुस गया, वहीं वर्दी भी खराब हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों में सुनील कुमार, पवन कुमार, राजेश, ध्यान सिंह आदि ने बताया कि बाजार में एनएच का काम लंबे समय से आधा अधूरा हुआ है। इस कारण बारिश होने पर पूरा बाजार ही पानी से भर जाता है। उन्होंने कहा कि शहर के लोग और यहां पर आने वाले यात्रियों को रोजाना इन्ही दिक्कतों से जूझना पड़ता है।