बैहना (मंडी)। वॉलीबाल क्लब बैहना ने दो दिवसीय वॉलीबाल प्रतियोगिता का आयोजन किया। वीरवार को प्रतियोगिता का शुभारंभ समाजसेवी हंसराज धीमान ने किया। उन्होंने कहा कि युवा नशे से दूर रहें और खेल मैदान में पसीना बहा कर अपना भविष्य उज्ज्वल बनाएं। वॉलीबाल क्लब के हरीश कुमार, दीपेंद्र राव ने बताया कि दो दिवसीय प्रतियोगिता में क्षेत्र की 10 टीमें भाग ले रही हैं। वीरवार हुए मुकाबलों में डीनक, सकरोहा और नलसर की टीमें अगले दौर में पहुंच गई हैं।
दिन का पहला मैच डिनक और बैहना-बी के साथ खेला गया। इसमें डीनक ने 2-1 से जीत हासिल की। दूसरा मैच सकरोहा और मझवाड़ के बीच हुआ। इसमें सकरोहा ने 2-0 से जीत दर्ज की। तीसरा मैच नलसर और हटगढ़ के बीच खेला गया। इसमें नलसर ने 2-1 से जीत हासिल की। सकरोहा ने डीनक को हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। शुक्रवार को फाइनल मुकाबले आयोजित किए जाएंगे तथा विजेता टीमों को उचित पुरस्कार से नवाजा जाएगा।