11 देवी-देवताओं ने की अगुवाई, 23 नवंबर तक समखेतर मंदिर में मनाया जाएगा जन्मोत्सव
भजन-कीर्तन, सेवा कार्यों और भंडारे के होंगे आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। सत्य साईं बाबा के 101वें जन्म दिवस के उपलक्ष्य में शुक्रवार को मंडी शहर में भव्य पालकी शोभायात्रा निकाली गई। ढोल-नगाड़ों, शहनाई और पारंपरिक देव वाद्ययंत्रों की गूंज के बीच 11 देवी-देवताओं के रथों ने शोभायात्रा की अगुवाई की। श्रद्धालुओं और देवलुओं की भागीदारी से छोटी काशी का माहौल भक्तिमय हो गया।
शोभायात्रा में पुरानी मंडी, टारना, टांडू, सैण, मैगल, द्रंग, मंगवाई, समखेतर, रूंझ और नेरी मैगल से देवी-देवताओं के रथ शामिल हुए। यह यात्रा साईं मंदिर से शुरू होकर समखेतर बाजार, मोती बाजार, चौहटा, सेरी बाजार और पुराना कॉलेज रोड होते हुए टारना की पौड़ियों से वापस चौहटा पहुंची और मंदिर परिसर में संपन्न हुई।
सत्य साईं सेवा समिति के संयोजक वाईपी सरोच ने बताया कि जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में साईं चरण कमल मंदिर समखेतर में 23 नवंबर तक धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसके तहत जरूरतमंदों की सहायता के साथ अस्पतालों, वृद्धाश्रमों और बाल आश्रमों में फल व भोजन वितरित किया जा रहा है। 23 नवंबर को बाबा के जन्म दिवस पर विशेष भजन संध्या और भंडारे का आयोजन होगा।