गोहर/थुनाग (मंडी)। जंजैहली क्षेत्र के पांडवशिला के समीप शनिवार को रूशाड़ के ग्रामीणों ने पुराने पुल पर लगे मलबे के ढेरों को हटाने के लिए मंडी-जंजैहली मार्ग पर प्रदर्शन किया। करीब सात घंटे तक जाम लगाए रखा। ग्रामीण सड़क पर बैठ गए। इस दौरान हालात तनावपूर्ण हो गए। ग्रामीणों ने मांग उठाई कि पुराने पुल के नीचे लगे मलबे के ढेरों को हटाया जाए। नाले का बहाव पुराने पुल से ही गुजारा जाए।
इस दौरान लोक निर्माण विभाग और स्थानीय प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों का आरोप है कि लोक निर्माण विभाग ने निर्माण कार्य के दौरान लापरवाही बरतते हुए सड़क के किनारे बेतरतीब तरीके से मलबा फेंका। इससे नाले का प्रवाह अवरुद्ध हो गया। बारिश का पानी मुख्य सड़क पर बह रहा है और सड़क पर यातायात अवरुद्ध हो रहा है। पंचायत प्रधान धार जरोल नरेश कुमार ने बताया कि पांडवशिला के पास पुरानी पुलिया ने नीचे मलबा डालने से नाले का रुख बदल गया है। इससे सड़क बार-बार जलमग्न हो जाती है।
उन्होंने चेतावनी दी कि 14 अगस्त तक समाधान नहीं हुआ तो 15 अगस्त से आंदोलन शुरू होगा। ग्रामीणों ने प्रशासन को पांच दिन का अल्टीमेटम दिया है। साथ ही ग्रामीणों ने कहा कि रूशाड़ गांव के संपर्क मार्ग को भी बहाल किया जाए। प्रदर्शनकारियों में कमल देव, ओम प्रकाश, कर्म सिंह, धनेश्वरी, सीता, गोल्डी, डेविड ने कहा कि प्रशासन समस्या पर गौर करे। स्थिति को बिगड़ते देख स्थानीय पुलिस बल मौके पर पहुंचा। प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की। लोगों का गुस्सा इतना अधिक था कि वे प्रशासन की बात सुनने को तैयार नहीं थे।
उधर, एसडीएम थुनाग रमेश कुमार ने कहा कि नाले का रुख बदल जाने से भौगोलिक स्थिति बिगड़ गई है। कुछ स्थानीय लोगों ने अपनी मलकीयती भूमि होने पर सड़क निर्माण पर एतराज जताया है। इस वजह से रूशाड़ सड़क का निर्माण रुका हुआ है। ग्रामीणों को समझाकर चैल-जंजैहली मार्ग बहाल कर दिया गया है। तहसीलदार को रूशाड़ नाले की निशानदेही करवाने के आदेश दे दिए हैं।
...............
पुरानी पुलिया के नीचे शव होने की आशंका
एक और चौंकाने वाली बात यह सामने आई है कि ग्रामीणों को आशंका है कि बंद की गई पुरानी पुलिया के नीचे दो लापता ग्रामीणों के शव दबे हो सकते हैं। इस आशंका ने मामले को और अधिक संवेदनशील और गंभीर बना दिया है। ग्रामीणों की मांग है कि पुलिया के नीचे की पूरी जांच होनी चाहिए। ग्रामीणों की मांग है कि पुराने पुल को तत्काल बहाल किया जाए। जनेहड़ गांव के संपर्क मार्ग की मरम्मत कर आवाजाही को सुगम बनाया जाए।