सराज विधानसभा क्षेत्र में गांवों को जोड़ने वाली सडक की खास्ता हालत संवाद
बालीचौकी (मंडी)। सिराज विधानसभा क्षेत्र में गांवों को जोड़ने वाली दर्जनों सड़कें बंद होने के चलते बागवानों को सेब और सब्जियों को मंडियों तक पहुंचाना टेढ़ी खीर बन गया है। सेब सीजन में मुख्य सड़क तक सेब पहुंचाने के लिए बागवानों को सेब से प्राप्त होने वाली आमदनी का 40 प्रतिशत पैसा अन्य साधनों पर खर्च करना पड़ेगा।
सिराज विधानसभा क्षेत्र की कुछ प्रमुख ग्रामीण सड़कों की बात करें तो यहां पर टिक्की से शैटाधार, सुधरानी से टिलधार और पंजाई में तीन सड़कों के साथ मध्य सिराज क्षेत्र की स्पेहणी धार से शिवा खडड सहित दर्जनों सड़कें बंद हैं। इन पर वाहनों का चलना कठिन है। हालांकि पूर्व सरकार में इन सड़कों में करोड़ों की राशि खर्च की जा चुकी है, लेकिन ठेकेदारों की मनमानी के कारण इन सड़कों की हालत जस की तस बनी हुई है।
सिराज विधानसभा क्षेत्र की पंचायत थाना के निवासी इंद्र सिंह, पूर्ण चंद, भावना देवी, गुलाब सिंह, उतम, कुंबर सिंह राम आदि ने बताया कि सेब का सीजन शुरू हो रहा है और आजकल गोभी का सीजन जोरों पर है लेकिन विभाग की लापरवाही के कारण उन्हें भारी भरकम ढुलाई देकर अपनी सब्जी चैड़ा खडड या शिवा खड्ड तक पहुंचानी पड़ रही है। सड़क की स्थिति ठीक न होने के कारण गाड़ियां जंजैहली नहीं पहुंच रही है जिस कारण उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
हिमाचल प्रदेश किसान व बागवानी कमेटी राज्य सदस्य महेंद्र राणा ने बताया कि मामले को लेकर लोक निर्माण विभाग को ज्ञापन भी दिया है अगर जल्द गांव को जोड़ने बाली सड़कों को ठीक नही करवाते हैं तो वह आंदोलन करने पर मजबूर होंगे।
उधर, लोक निर्माण विभाग जंजैहली के अधिशासी अभियंता रोशन लाल ने कहा कि सड़कों को बहाल किया जा रहा है। मशीनें सड़कों को बहाल करने में जुटी हुई हैं।