खुद की गाड़ियां खड़़ी हुईं तो सरकार का खजाना भरने में जुटे टैक्सी ऑपरेटर
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। एप के माध्यम से सवारियां उठाने वालों पर देवभूमि टैक्सी ऑपरेटर यूनियन ने शिकंजा कस दिया है। यूनियन ने तीन दिन में मंडी शहर में छह टैक्सी चालकों को पकड़ कर उनका 10-10 हजार रुपये और एक का 14 हजार रुपये का पुलिस से चालान करवाया।
सोमवार को देवभूमि टैक्सी ऑपरेटर यूनियन के सदस्यों ने बस अड्डा मंडी के बाहर नाका लगाया और अवैध रूप से सवारियां उठाने पर 3 कार चालकों के 34 हजार रुपये के चालान करवाए। इनमें 2 के 10-10 हजार और एक का 14 हजार रुपये का चालान किया गया। दोपहर डेढ़ बजे पहली गाड़ी को रोका तो पता चला कि उन्होंने एप से बुकिंग करवाई थी। दूसरी को तीन बजे और तीसरी को करीब 5:30 बजे रोका गया। सभी ने एप के माध्यम से ही बुकिंग करवाई थी। इस पर पुलिस को बुलाया गया और मौके पर चालान करवाया गया। यूनियन के प्रधान भूपेश ठाकुर ने बताया कि पिछले 3 दिन में 7 गाड़ियों के चालान करवाए गए हैं। इसके बावजूद कई अवैध रूप से सवारियों को उठा रहे हैं।
बॉक्स
उपमुख्यमंत्री ने दिया एप को प्रदेश में बंद करने का आश्वासन
शहर में एप के माध्यम से सवारियां उठाने से परेशान देवभूमि टैक्सी ऑपरेटर यूनियन के सदस्यों ने मंडी पहुंचे उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री से मुलाकात की और एप को प्रदेश में बंद करने की गुहार लगाई थी। यूनियन के प्रधान भूपेश ठाकुर ने बताया कि एप से टैैक्सी चालक बेरोजगार हो गए हैं। उन्होंने बताया कि उपमुख्यमंत्री ने मामले को लेकर शिमला में बैठक कर मुद्दे को हल करने का आश्वासन दिया है।