वीकेंड पर सैलानियों से गुलजार हुई चौहारघाटी, हर रोज पहुंच रहे 8 दिन में पहुंचे 10 हजार पर्यटक वाहन
संवाद न्यूज एजेंसी
जोगिंद्रनगर (मंडी)। चुनावी शोर थमने और मैदानी राज्यों में गर्मी के चलते इन दिनों बड़ी संख्या में सैलानी चौहारघाटी की ठंडी वादियों को निहारने पहुंच रहे हैं। जून माह में ही अब तक करीब 10 हजार वाहन चौहारघाटी पहुंचे हैं। बाहरी राज्यों के सैलानियों के साथ विदेशी भी यहां पहुंचकर ठंडी और खूबसूरत वादियों के कायल हो रहे हैं। वीकेंड पर सैलानियों की भीड़ के चलते यहां पर आरक्षित होटल, होम सटे और अन्य आवास पैक हो गए हैं। कमरे न मिलने पर सैलानी ऊहल नदी के किनारे बने टैंटो में 2500 से तीन हजार रुपये देकर रात गुजारने को मजबूर हुए।
ऊहल और लंबाडग नदी के किनारों पर बैठकर सैलानी खूब आनंद उठा रहे हैं। वीकेंड के चलते शनिवार को मंडी-कांगड़ा की सीमा से होकर करीब एक हजार पर्यटक वाहन मंडी और कांगड़ा जिले की ओर से गुजरे। करीब 500 वाहन घटासनी से होकर बरोट बैली के लिए रवाना हुए। देवदार के पेड़ों से घिरी चौहारघाटी में इन दिनों तापमान मैदान क्षेत्रों की तुलना में बेहद कम है। यहां पर ट्रैकिंग के अलावा रीवर क्राॅसिंग समेत कई साहसिक गतिविधियां और पारंपरिक खाद्य साम्रगी सैलानियों को अपनी तरफ आकर्षित कर रही है। जून माह में अब तक दस हजार सैलानी वाहनों से चौहारघाटी की वादियों को निहार चुके हैं।
गुम्मा में दो किलोमीटर जाम ने सैलानियों के छुड़ाए पसीने
वीकेंड पर मंडी-पठानकोट हाईवे पर सैलानियों की अचानक बढ़ी आवाजाही से गुम्मा के समीप करीब दो किलोमीटर लंबे जाम ने सैलानियों के पसीने छुड़ा दिए। छांणग से लेकर घटासनी तक सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लगने से यातायात व्यवस्था बेकाबू हो गई। मौके पर मौजूद पुलिस के जवानों ने यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने के सराहनीय प्रयास लाए। डीएसपी पधर दिनेश कुमार ने बताया कि मंडी-पठानकोट हाईवे पर शनिवार को सैलानियों के अत्यधिक वाहनों की आवाजाही से जब हाईवे की सड़क पर यातायात बढ़ गया तो गुम्मा के समीप जाम की समस्या पेश आई थी। जल्द ही व्यवस्था सुचारु कर दी गई थी।