जोगिंद्रनगर में देर रात और सोमवार दोपहर तक अंधड़ ने मचाई तबाही
......................
संवाद न्यूज एजेंसी
जोगिंद्रनगर/चौंतड़ा (मंडी)। उपमंडल में अंधड़ से घरों की छतें उड़ जाने से लोगों को खासा नुकसान उठाना पड़ा है। नगर परिषद के होर्डिंग भी हवाओं के झोंकों से क्षतिग्रस्त हो गए। अंधड़ ने दुकानों में रखा सामान भी बिखेर दिया। धार्मिक, सामाजिक कार्यक्रमों के अलावा उपमंडल में मेलों में सजी दुकानों में भी अंधड़ ने नुकसान पहुंचाया।
रविवार देर रात और सोमवार दोपहर तक अंधड़ के साथ ओलावृष्टि हुई। इससे फसलों को भी नुकसान पहुंचा है। ढेलू पंचायत में किसानों की गेहूं की फसलों को सबसे अधिक नुकसान पहुंचा है।
किसान रमेश, महेश कुमार ने बताया कि अंधड़ और ओलावृष्टि से गुठलीदार फलों को नुकसान पहुंचा है। शादी समारोह और अन्य आयोजनों के लिए लगाए गए पंडाल भी हवाओं के झोंके से धराशायी हो गए। गलू मेला मैदान में कारोबारियों की दुकानों को अंधड़ से नुकसान पहुंचा है।
नगर परिषद जोगिंद्रनगर के उपाध्यक्ष अजय धरवाल ने बताया कि रामलीला मैदान में सार्वजनिक पुस्तकालय के होर्डिंग और शहर की आरंभ सीमा में स्थापित होर्डिंगों को नुकसान पहुंचा है। एसडीएम मनीश चौधरी ने कहा कि जोगिंद्रनगर उपमंडल में अंधड़ और ओलावृष्टि से हुए नुकसान की जानकारी संबंधित विभागों से तलब की गई है। रिपोर्ट मिलने के बाद आगामी कार्रवाई अमल पर लाई जाएगी। संवाद