जोगिंद्रनगर (मंडी)। लोक निर्माण विभाग की ऐहजू-बसाही-गोलवां सड़क पर फिर चट्टानें गिरने से वाहनों में सवार यात्री बाल-बाल बचे हैं। उपमंडल की पांच मुख्य सड़कों पर खराब मौसम से यातायात प्रभावित हुआ। अनुमानित 70 लाख रुपये के नुकसान का आकलन बरसात से लोक निर्माण विभाग ने अभी तक किया है।
झमेहड़-बनौण, ऐहजू-मटरू, चौंतड़ा-चकली, मतेहड़-मच्छयाल-बल्ह, रोपड़ी सड़क पर भूस्खलन से सड़कें कुछ समय के लिए बाधित हुईं। इस दौरान वाहन चालकों को अपने गंतव्य स्थान में पहुंचने के लिए इंतजार भी करना पड़ा। ऐहजू-बसाही सड़क पर लगातार गिर रहे ल्हासे से इस सड़क पर यातायात जोखिम भरा साबित हो रहा है। गोलवां सड़क पर भी चट्टानें गिरने से अब हादसों की आशंका बढ़ गई है।
उधर, लोक निर्माण विभाग वृत्त जोगिंद्रनगर के अधिशासी अभियंता राजीव शर्मा ने बताया कि जहां-जहां भूस्खलन की सूचना मिल रही है, वहां मशीनरी भेजी जा रही है।
वहीं, जलशक्ति विभाग की भी कई पेयजल योजनाएं प्रभावित होने से अनुमानित 40 लाख की क्षति इस मानसून सीजन में हुई है। सब डिविजन जोगिंद्रनगर के सहायक अभियंता प्रदीप राठौर ने बताया कि पेयजल स्रोतों को भी बारिश से नुकसान पहुंचा है।
अस्थायी शेड को नदी-नालों से हटाने के निर्देश, हेल्पलाइन नंबर जारी
जोगिंद्रनगर उपमंडल की रणा, मच्छयाल व बिनवा खड्ड में उफान आ जाने से स्थानीय प्रशासन ने अलर्ट घोषित करते हुए आम लोगों को दूरी बनाए रखने का आह्वान किया है। मवेशियों को भी नदी-नालों से दूर रखने की अपील एसडीएम मनीश चौधरी ने की है। वहीं किसी भी प्रोजेक्ट के अस्थायी शेडों को उफनती नदियों के किनारे से हटाने के निर्देश जारी किए हैं। वहीं, आपात स्थिति में राहत व बचाव कार्य के लिए जोगिंद्रनगर पुलिस थाना के प्रभारी सकीनी कपूर ने भी हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। इनमें पुलिस थाना जोगिंद्रनगर में 01908-222065, 82192-78771, 93172-21010, पुलिस चौकी लडभड़ोल में संपर्क करने के लिए 93172-21030, पुलिस चौकी बस्सी में संपर्क करने के लिए 93172-21029, पुलिस चौकी घट्टा में भी आम लोगों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 93172-21032 को पुलिस विभाग ने जारी किया है।