स्वदेशी जागरण मंच के बैनर तले मंडी के 12 व्यापार मंडलों के सदस्यों ने की नारेबाजी
विदेशी कंपनियों के कारोबार ने दुकानदारों की रोजी रोटी पर खड़ा किया संकट : अनुपमा
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। स्वदेशी जागरण मंच के बैनर तले सोमवार को मंडी जिले के व्यापारियों ने सेरी मंच मंडी पर एकजुट होकर विदेशी कंपनियों के खिलाफ नारेबाजी कर गो बैक के नारे लगाए। प्रदर्शन में मंडी जिले के 12 व्यापार मंडलों के व्यापारियों ने भाग लिया। मौसम की खराबी के कारण बहुत से व्यापारी इसमें शामिल नहीं हो पाए।
आंदोलन का नेतृत्व कर रही हिमाचल प्रदेश स्वदेशी शोध की प्रमुख प्रोफेसर अनुपमा सिंह ने कहा कि आज विदेशी कंपनियों के कारोबार ने स्थानीय दुकानदारों की रोजी रोटी पर संकट खड़ा कर दिया है। इसलिए अब समय आ गया है कि इस विषय पर सभी एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद करें। कहा कि अभी मंडी से सांकेतिक धरना दिया गया है जबकि आने वाले समय में प्रदेशभर में इसे एक जनांदोलन के रूप में खड़ा किया जाएगा। कहा कि जल्द ही भविष्य में इस विषय पर मंडी में एक अधिवेशन का आयोजन भी किया जाएगा। इसमें सभी व्यापारियों को एक मंच पर लाकर इस मुद्दे को आंदोलन की रूपरेखा बनाई जाएगी।
उधर, जिलेभर से आए व्यापारियों ने आंदोलन को अपना समर्थन दिया और इसे आज के समय की जरूरत बताया। इंदिरा मार्केट व्यापारी एसोसिएशन के प्रधान अशोक शर्मा, व्यापार मंडल सुंदरनगर के प्रधान प्रवीण अग्रवाल और भारतीय व्यापार मंडल हिमाचल प्रदेश के अध्यक्ष सरदार हंसपाल सिंह ने कहा कि वे इस आंदोलन का समर्थन करते हैं। आज ऑनलाइन विदेशी कंपनियों ने स्थानीय दुकानदारों के कारोबार को पूरी तरह से ठप करके रख दिया है। संवाद