10.18 करोड़ रुपये के बजट को मिली मंजूरी
31 मार्च 2026 तक पूरा होगा कार्य, लगेंगे डंगे
संवाद न्यूज एजेंसी
पंडोह (मंडी)। पंडोह से शिवाबदार तक 13 किलोमीटर सड़क चौड़ी की जाएगी। इसी के साथ सड़क की टारिंग भी होगी। जरूरत वाली जगहों पर डंगे भी लगाए जाएंगे। इस तरह कुल 13 किमी सड़क पर सफर सुरक्षित होगा। इस पर 10.18 करोड़ रुपये खर्च होंगे। सड़क पर एफडीआर तकनीक से टारिंग की जाएगी। पंडोह से शिवाबदार पर दो अलग-अलग भागों पर एक ही साथ काम चलेगा। यह कार्य प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत किया जाएगा। जानकारी के अनुसार पंडोह से नागधार तक छह किलोमीटर का कार्य करीब 4.34 करोड़ से होगा जबकि नागधार से शिवाबदार तक सात किलोमीटर का कार्य करीब 5.84 करोड़ रुपये से होगा। कुल 13 किलोमीटर सड़क चौड़ी जाएगी। वर्तमान में यह सड़क तीन मीटर चौड़ी है। इसकी कुल चौड़ाई 3.75 मीटर की जाएगी यानी .75 मीटर और सड़क को चौड़ा किया जाएगा। इससे वाहनों की आवाजाही सुगम होगी। जाम जैसी दिक्कतों से भी राहत मिलेगी। जरूरत वाली जगहों में डंगे लगाकर इस सड़क पर आवाजाही सुरक्षित की जाएगी। दोनों जगह का कार्य ठेकेदार को अवार्ड कर दिया गया है। हालांकि 31 अगस्त तक पहाड़ों की कटिंग पर प्रशासन ने रोक लगाई है। ऐसे में कटिंग कार्य नहीं हो पा रहा है, लेकिन अन्य दूसरे कार्य को ठेकेदार ने शुरू कर दिया है। इस कार्य को 31 मार्च 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
लाल पुल का मामला लटका
पंडोह से शिवाबदार तक बनने वाली सड़क के बीच एक बड़ा पेच है। पंडोह से नागधार और नागधार से शिवाबदार तक होने वाले कार्य के लिए काम शुरू हो गया है। पंडोह से कुछ ही दूरी पर बना लाल पुल बीती बरसात में बह चुका है। इसकी जगह नए पुल बनने का मामला लटका हुआ है जो अभी तक कागजों में ही घूम रहा है। ऐसे में सड़क चौड़ी हो भी जाए, लेकिन बिना पुल सीधी आवाजाही नहीं हो पाएगी। घूमकर ही पंडोह तक पहुंचना पड़ेगा। ग्रामीणों की मांग है कि सड़क चौड़ी करने के साथ लाल पुल की जगह नया पुल भी बनाया जाए।
पंडोह से शिवाबदार तक कुल 13 किमी सड़क को दो अलग-अलग भागों में पीएमजीएसवाई के तहत चौड़ा करने और टारिंग की स्वीकृति मिली है। इस कार्य को शुरू कर दिया गया है। लाल पुल की जगह नए पुल की डीपीआर बनाकर भेजी गई है। स्वीकृति मिलने पर इस पर भी कार्य शुरू कर दिया जाएगा। विनोद शर्मा, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग थलौट।