मनाली-चंडीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंडी शहर से कुछ दूरी पर रानी की बाईं में मंगलवार दोपहर एक स्कूल बस और बाइक में जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार दो लोग घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए जोनल अस्पताल मंडी पहुंचाया गया। जहां उपचार के बाद बाइक चालक को आईजीएमसी शिमला ने रेफर किया गया है।
वहीं स्कूल बस में सवार सभी सुरक्षित हैं। मामला दर्ज कर सदर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे एनएच 21 पर रानी की बाईं के पास चालक द्वारा स्कूल बस को गलत दिशा में मोड़ने पर बाइक से टक्कर हो गई। बाइक सवार नेरचौक की तरफ से मंडी की ओर अपने घर जा रहे थे। वहीं बस नेरचौक की तरफ जा रही थी। हादसे में बाइक में सवार दोनों लोग घायल हो गए।
घायलों को जोनल अस्पताल में मंडी में उपचार के लिए भर्ती करवाया गया। सूचना मिलने पर सदर पुलिस से टीम मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई। हादसे में घायलों की पहचान बाइक चालक हेम चंद निवासी कमांद व अन्य बाइक सवार जितेंद्र कुमार निवासी कमांद के रूप में हुई है।
प्राथमिक उपचार के बाद बाइक चालक हेम चंद को आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसा स्कूल बस चालक द्वारा लापरवाही से बस चलाने से हुआ है। आरोपी स्कूल बस चालक की पहचान जगदीश निवासी बाड़ी गुमाणू के रूप में हुई है। जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इधर, सदर पुलिस थाना के प्रभारी चेत सिंह भंगालिया ने बताया कि आरोपी बस चालक के विरुद्ध आईपीसी की धारा 279, 337 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। जांच जारी है।