तकसीम के 554, निशानदेही के 930 व राजस्व दुरुस्ती के 595 मामलों का किया निपटारा
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए कि उनके क्षेत्र में एक साल से अधिक लंबित तकसीम व अन्य राजस्व मामलों का समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित करें। डीआरडीए समिति हॉल में आयोजित बैठक में 16 मार्च से 15 जून तक राजस्व कार्यों की समीक्षा की गई। उन्होंने बताया कि पिछली तिमाही में जिले में 554 तकसीम, 930 निशानदेही, 595 राजस्व दुरुस्ती मामलों का निपटारा किया गया तथा 6353 इंतकाल दर्ज किए गए। लंबित स्वामित्व मैप से जुड़े कार्य 15 दिन में पूरा करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में मुख्यमंत्री सेवा संकल्प, नकल जमाबंदी, स्वामित्व संबंधी शिकायतों और अन्य राजस्व मामलों की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस दौरान अतिरिक्त उपायुक्त गुरसिमर सिंह, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी डॉ. मदन कुमार और जिला राजस्व अधिकारी हरीश शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।