जोगिंद्रनगर लोक निर्माण विभाग कार्यालय में अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपते हुए मनोह पंचायत के
जोगिंद्रनगर (मंडी)। मनोह पंचायत की कुंडूनी-मनोह-कस सड़क पर तीन साल से ठप पड़े यातायात पर मंगलवार को ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग के कार्यालय में विरोध प्रकट किया। लचर कार्यप्रणाली पर अनिश्चितकालीन धरने प्रदर्शन और हाईवे जाम की भी चेतावनी उच्चाधिकारियों को देते हुए कहा कि सात दिन के भीतर अगर क्षतिग्रस्त सड़क में सुधार लाकर यातायात बहाल न हुआ तो ग्रामीण हाईवे जाम के लिए भी मजबूर होंगे।
पंचायत प्रधान राजपाल चौधरी और उपप्रधान गुरदयाल ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को चेताया कि अगर ग्रामीणों की मांगों को अनदेखा किया तो इसके गंभीर अंजाम भुगतने पड़ेंगे। मनोह पंचायत के वाशिंदे अनिल, लज्जू राम, बिहारी, नाग राम, हरी सिंह, फिलू राम ने बताया कि तीन साल पहले अगस्त 2024 में मानसून सीजन के दौरान कुंडूनी-मनोह-कस सड़क क्षतिग्रस्त हो गई थी, जिसके सुधार कार्य को लेकर लोक निर्माण विभाग लापरवाह बना हुआ है।
बताया कि ग्रामीणों को अपने गंतव्य स्थान में पहुंचने के लिए कई किलोमीटर का पैदल सफर तय करना पड़ रहा है। सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही ठप होने से गंभीर मरीज उपचार के लिए पहुंचाना चुनौती बनता जाता है। मंगलवार को लोक निर्माण विभाग के कार्यालय में पहुंचे ग्रामीणों ने लघु सचिवालय कार्यालय में स्थित उपमंडलाधिकारी नागरिक कार्यालय में दस्तक दी और लोक निर्माण विभाग की उदासीनता पर एसडीएम कार्यालय में मौजूद अधीक्षक को भी ज्ञापन सौंपा। लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता राजीव कुमार ने कहा कि सड़क पर ठप पड़े यातायात और अधूरे मरम्मत कार्य की रिपोर्ट ली जाएगी।