पंडोह (मंडी)। द्रंग विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत हटौण के बाशिंदों के लिए राहत भरी खबर है। अब माता बगलामुखी रोपवे की सुविधा रियायती दरों पर मिलेगी।
प्रदेश सरकार के निर्देशों पर रोपवे ट्रांसपोर्ट डेवलपमेंट काॅरपोरेशन (आरटीडीसी) ने इस संदर्भ में अधिसूचना जारी कर दी है। अब ग्रामीणों को रोपवे में एकतरफा सफर के 30 रुपये जबकि दोतरफा सफर के 50 रुपये देने होंगे। इससे पहले 150 और 200 रुपये देने पड़ रहे थे। पांच से दस साल की आयु के बच्चों से एक तरफ के 15 रुपये जबकि दोनों तरफ सफर करने के 25 रुपये लिए जाएंगे। पांच साल से छोटी आयु के बच्चों के लिए रोपवे में सफर निशुल्क रहेगा।
पहले बाखली पंचायत के लोगों को ही रोपवे में रियायती दर की सुविधा मिल रही थी। हटौण के ग्रामीणों का भी बाखली हररोज आना-जाना लगा रहता है। लोग मंदिर भी आते हैं और उनकी रिश्तेदारी भी बाखली में है।
बीते शनिवार को ग्राम पंचायत हटौण के ग्रामीणों ने पंचायत प्रधान रोशनी देवी की अगुवाई में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री से कैंची मोड़ में मुलाकात की। इस दौरान रियायती दरों पर रोपवे सुविधा देने की मांग रखी। ग्रामीणों की मांग पर उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने तुरंत प्रभाव से संज्ञान लिया और मांग को पूरा किया।
13 जनवरी को आरटीडीसी ने इस संदर्भ में अधिसूचना जारी कर दी है। इसमें अब ग्राम पंचायत हटौण के लोगों को भी रोपवे की सुविधा रियायती दरों पर मिलेगी। ग्रामीणों को रोपवे के एकतरफा सफर के 30 जबकि दोतरफा सफर के 50 रुपये देने होंगे।
.............
उपमुख्यमंत्री ने मांग को तुरंत प्रभाव से पूरा किया है। पंचायत के लोगों को बधाई। उम्मीद है कि यह रोपवे अब हटौण पंचायत के लोगों के लिए वरदान साबित होगा।
-रोशनी देवी, प्रधान हटौण पंचायत