मंडी। सरकारी स्कूलों के होनहारों ने इस बार जमा दो की बोर्ड परीक्षा में निजी स्कूलों को पछाड़ दिया है। आर्ट्स, कॉमर्स और साइंस में मंडी जिला के दस होनहार टॉप टेन में जगह बनाने में कामयाब हुए हैं। जिसमें नौ स्थान बेटियों ने कब्जा किया है। टाप टेन की फेहरिस्त में निजी स्कूलों के महज दो विद्यार्थी ही जगह बनाने में सफल हुए हैं, जबकि तीनों सब्जेक्ट्स के टॉपर्स में सरकारी स्कूलों के आठ होनहारों ने जगह बनाई है। इस लिहाज से सरकारी स्कूलों में शिक्षा का स्तर भी सुधरने लगा है। वहीं, अगर बात पिछले वर्ष की करें तो वर्ष 2019 में तीनों संकाय में टॉप टेन में महज चार होनहार ही थे। जिसमें आर्ट्स में 2, विज्ञान और कामर्स में एक एक होनहार ने जगह बनाई थी। वहीं इस बार वर्ष 2020 में आर्ट्स में छह, विज्ञान और कामर्स में दो दो विद्यार्थी टॉप टेन में रहे हैं।
कला संकाय
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बड़ोग (दूदर) मंडी की श्रेया ने प्रदेश भर पांचवां स्थान हासिल किया है। इनके 96.6 फीसदी अंक हैं। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नगवाईं(औट) की कृतिका ने 96.4 फीसदी अंक प्राप्त कर छठा स्थान प्राप्त किया है। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला शारटी (पंडोह) की शिवांगी ने 96.2 फीसदी अंक लेकर सातवां स्थान हासिल किया है। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला प्रेसी सुंदरनगर की रक्षा कुमारी ने 96 फीसदी अंक लेकर आठवां स्थान हासिल किया है। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बाढ़ू चच्योट की पूनम शर्मा ने 95.8 फीसदी अंक हासिल कर नौवां स्थान प्राप्त किया है। सीनियर सेकेंडरी स्कूल सैंथल करसोग की वंदना कुमारी ने 95.8 फीसदी अंक प्राप्त कर नौवां स्थान हासिल किया है।
वाणिज्य और विज्ञान
रूट मॉडल पब्लिक स्कूल करसोग की आस्था शर्मा ने 95.6 फीसदी अंक लेकर प्रदेश भर मेें वाणिज्य संकाय में आठवां स्थान हासिल किया। सीनियर सेकेंडरी स्कूल मंडी की बुशरा ने 95.2 अंक प्राप्त कर दसवां स्थान हासिल किया है। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सरकाघाट के आदित्य शुक्ला ने 98 फीसदी अंक प्राप्त कर प्रदेश भर में आठवां स्थान हासिल किया है। होली फादर पब्लिक स्कूल सैंथल जोगिंद्रनगर की साक्षी ने 97.8 फीसदी अंक लेकर नौवां स्थान हासिल किया है।