मंडी। सदर उपमंडल में सस्ते राशन के डिपों में लोगों को राशन नहीं मिल रहा है। राशन उठाने को लेकर असमंजस के चलते राशन की खेप डिपो में नहीं पहुंच पाई है। इस कारण लोगों को सस्ते राशन के डिपो में राशन के लिए अभी और इंतजार करना पड़ेगा। लोग राशन की खरीद के लिए डिपो के चक्कर लगा रहे हैं लेकिन उन्हें डिपो से खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। बताया जा रहा है कि ठेकेदार का ढुलान संबंधी टेंडर खत्म हो गया है।
नए ठेकेदार को राशन का टेंडर दिया गया है। हालांकि उसकी औपचारिकताएं पूरी होनी बाकी है। इसी बीच पुराने ठेकेदार राशन ढुलान बंद कर दिया। इससे स्थिति पेश आई है। उधर, डीएफएससी मंडी का अतिरिक्त कार्यभार संभाल रहे बिजेंद्र पठानिया ने बताया कि ठेकेदार को इस संबंध में निर्देश दे दिए गए हैं। कुछ डिपो को राशन उपलब्ध करवा दिया है। जबकि अन्य में भी राशन उपलब्ध करवाया जा रहा है। संवाद