सिधपुर में अंडर-14 छात्र वर्ग की खेलकूद प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
द्रंग प्रथम को आलराउंड बेस्ट के खिताब से नवाजा
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मपुर (मंडी)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सिधपुर में आयोजित छात्र वर्ग की अंडर-14 जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में कटौला जोन ने वाॅलीबाल का खिताब जीत लिया है। फाइनल में कटौला जोन की टीम ने चौंतड़ा जोन को पराजित किया। कटौला जोन ने पहला सेट 25-18 अंकों के अंतर से जीटा। दूसरे सेट में कटौला जोन के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए 28-26 अंकों के अंतर से जीत प्राप्त की।
कबड्डी के फाइनल में द्रंग जोन प्रथम ने सदर जोन को पराजित किया। खो-खो में चौंतड़ा प्रथम विजेता, द्रंग प्रथम उपविजेता बना। बैडमिंटन में सुंदरनगर प्रथम ने साईगलू जोन को फाइनल में पराजित किया। जूडो में द्रंग एक प्रथम, साईगलू दूसरे स्थान पर रहा। कुश्ती में धर्मपुर जोन द्वितीय प्रथम, सुंदरनगर जोन प्रथम दूसरे स्थान पर रहा है। द्रंग प्रथम को आलराउंड बेस्ट के खिताब से नवाजा गया।
स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डाॅ. राजेश शर्मा ने समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत कर विजेता-उपविजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया। उन्होंने धर्मपुर में बोर्ड डिपो की भी घोषणा की। जिला खेल प्रभारी श्याम लाल नायक ने बताया कि जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में 25 शिक्षा खंडों के 1001 खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। निदेशालय की तरफ से प्रदीप शर्मा, विजय चौधरी और जगदीश कुमार के पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया था। इस मौके पर प्रधानाचार्य सुरेंद्र सकलानी, रमेश पालसरा, मुख्याध्यापक रंजीत राही, शारीरिक शिक्षा शिक्षक संघ के मीडिया प्रभारी चंचल सिंह ठाकुर उपस्थित रहे। संवाद