बीड़रोड़ टैक्सी यूनियन के उपप्रधान रामलाल समर्थकों के साथ। स्त्रोत- संगठन
चौंतड़ा (मंडी)। माता माहेश्वरी टैक्सी यूनियन बीड़ रोड के उपप्रधान पद पर चुनाव शुक्रवार को जिला टैक्सी यूनियन के चेयरमैन सुनील कुमार की अध्यक्षता में हुए। इसमें रामलाल को उपप्रधान चुना गया। बीड़ रोड टैक्सी यूनियन के प्रधान मनु कुमार के अनुसार उपप्रधान पद के चुनाव के लिए दो उम्मीदवारों को 79 टैक्सी चालकों ने अपना मत दिया।
इसमें रामलाल को 45 मत और संजय कुमार को 34 मत प्राप्त हुए। रामलाल ने 11 मताें से उपप्रधान का चुनाव जीत लिया। 24 जनवरी को बीड़ रोड टैक्सी यूनियन के प्रधान पद का चुनाव भी चुनाव प्रक्रिया से हुआ था। उपप्रधान रामलाल ने कहा कि वह टैक्सी चालकों की समस्याओं के समाधान को लेकर यूनियन के पदाधिकारियों के साथ यथासंभव सहयोग करेंगे। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया में शामिल सभी टैक्सी चालकों का आभार जताया और अपनी जीत पर खुशी जाहिर करते हुए मिठाई बांटी। संवाद