जोगिंद्रनगर (मंडी)। भारतीय सेना के शौर्य पर शहर में विजय रैली निकाली गई। इसमें सामाजिक संस्थाओं के पदाधिकारियों के साथ स्थानीय व्यापार मंडल, पंचायत प्रतिनिधि और पूर्व सैनिकों ने उपस्थिति दर्ज करवाई।
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 26 नागरिकों की निर्मम हत्या के विरोध में पाकिस्तान के खिलाफ चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के लिए भारतीय सेना के पराक्रम को सराहा। वीरवार को शहर के सनातन धर्मसभा मंदिर में एकत्रित सैकड़ों लोगों ने एकजुटता के साथ शहरभर में विजय रैली निकाल कर सेना के साहस को और बढ़ाया।
मुख्य बाजार, रेलवे स्टेशन चौक, पठानकोट चौक, लक्ष्मी बाजार से होते हुए विजय रैली आदर्श कन्या पाठशाला तक पहुंची। रैली में शामिल मंडल भाजपा के पूर्व अध्यक्ष अजय सकलानी, मंडल भाजपा के अध्यक्ष संजय कुमार, राजीव सूद ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर में पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों को ध्वस्त किया गया। इस मौके पर मसौली पंचायत की प्रधान अंजना शर्मा, भराड़ू पंचायत की पूर्व प्रधान रीता ने कहा कि पाकिस्तान को सबक सिखाने के लिए भारतीय सेना ने जो कार्रवाई अमल में लाई, उसकी सराहना विश्वभर में हो रही है। संवाद