चार साल का होगा नई कार्यकारिणी का कार्यकाल
प्रदेश में जल क्रीड़ाओं को बढ़ावा देने पर रहेगा जोर
संवाद न्यूज एजेंसी
डैहर (मंडी)। सुंदरनगर के विधायक राकेश जम्वाल हिमाचल प्रदेश कयाकिंग एवं कैनोइंग एसोसिएशन के अध्यक्ष सर्वसम्मति से निर्वाचित हुए हैं। रविवार को देहरी स्थित वृद्ध आश्रम में रिटर्निंग ऑफिसर अधिवक्ता पूरन सिंह सेन की देखरेख में चुनाव हुए। जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी मंडी कविता ठाकुर और भारतीय कयाकिंग एवं कैनोइंग एसोसिएशन की ओर से चंडीगढ़ विश्वविद्यालय के निदेशक खेल दीपक सिंह पर्यवेक्षक रहे। नई कार्यकारिणी का कार्यकाल चार वर्ष होगा।
कमल कांत गौतम वरिष्ठ उपाध्यक्ष, बलबीर सिंह भारद्वाज, सुरेश कुमार, संगीता देवी और पूनम उपाध्यक्ष तथा डॉ. निर्मल सिंह महासचिव चुने गए। बिंदिया चंदेल, जगदीप सहजपाल, देव राज, कमल किशोर ठाकुर और मोनिका देवी संयुक्त सचिव, जबकि कमल कुमार कोषाध्यक्ष निर्वाचित हुए। प्रकाश चंद ठाकुर, शाम लाल, सूरज सिंह, सोम नाथ और रितिश अहलूवालिया कार्यकारिणी सदस्य चुने गए।
राकेश जम्वाल ने आभार जताते हुए कहा कि प्रदेश में कयाकिंग एवं कैनोइंग को बढ़ावा देना, उभरती प्रतिभाओं को मंच देना, प्रशिक्षण व प्रतियोगिताओं के अवसर बढ़ाना और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि हिमाचल में जल क्रीड़ाओं की अपार संभावनाएं हैं। खिलाड़ियों को राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के अवसर दिलाने के लिए संबंधित संस्थाओं से समन्वय किया जाएगा।