मंडी। जिला मुख्यालय मंडी के पुलघराट में हुए गोलीकांड मामले में वीरवार को फिर दोनों आरोपी अदालत में पेश किए गए। जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया। अब शिनाख्त परेड करवाई जाएगी, जिसमें आरोपियों की पहचान शिकायतकर्ता को करनी होगी। कोर्ट में पेश करते हुए आरोपियों के चेहरे पूरी तरह ढके हुए थे जबकि सुरक्षा भी पुख्ता रही। इस मामले में पुलिस जांच जारी है।
जानकारी के अनुसार इस मामले में ढाबा से गायब सीसीटीवी डीवीआर और एलईडी की तलाश पुलिस को है। इसे लेकर पुलिस ने ढांगू में भी दबिश दी है। पुलिस कई तरह के तथ्यों को खंगालते हुए इन्हें वेरीफाई करने में जुटी हुई है ताकि मामले को पुख्ता किया जा सके। शातिर आरोपियों ने रिमांड के दौरान पुलिस को गुमराह करने के लिए गोलमोल जवाब दिए हैं। ऐसे में पुलिस तकनीकी जांच के सहारे व सबूत पुख्ता कर जांच को मजबूत करने में जुटी हुई है।
उधर, एसआईटी प्रमुख एवं एएसपी एलआर सचिन हीरेमठ ने बताया कि अदालत ने आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा है। मामले में नियमानुसार जांच जारी है।